नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के संसदीय दल की मंगलवार को आयोजित 'मंगल मिलन' बैठक में पहली बार नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के 20 सांसद शामिल हुए। ये सभी सांसद पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से जुड़े थे और हाल ही में एनसीपीआई के साथ आने के बाद पहली बार एनडीए की संसदीय बैठक का हिस्सा बने।
एनसीपीआई सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने बैठक के बाद कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में पहले कभी इस तरह की बैठक नहीं देखी। उन्होंने कहा कि एनडीए परिवार का हिस्सा बनने और बैठक में आमंत्रित किए जाने से सभी सांसद बेहद उत्साहित हैं। '2014 से पहले ऐसी बैठक नहीं होती थी'
काकोली घोष ने कहा, "हमने ऐसी बैठक पहले कभी नहीं देखी। 2014 से पहले भी इस तरह की बैठक नहीं होती थी। हमें बहुत अच्छा लगा कि हमें बुलाया गया। हम बेहद खुश हैं कि अब हम एनडीए के साथ हैं। हमारे सभी सांसद एकजुट होकर काम कर रहे हैं और यह हमारे लिए खुशी की बात है।" उन्होंने बताया कि एनसीपीआई को औपचारिक मान्यता दिलाने की प्रक्रिया जारी है और इसके लिए आवश्यक सभी दस्तावेज निर्वाचन आयोग को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
देश की प्रगति और एफटीए पर हुई चर्चा-काकोली घोष ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वरिष्ठ नेताओं ने देश की आर्थिक प्रगति, मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए), कृषि क्षेत्र और विभिन्न सरकारी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बैठक में साझा किए गए आंकड़े और तथ्य जनप्रतिनिधियों के लिए उपयोगी हैं, जिनकी मदद से वे अपने-अपने क्षेत्रों की जनता को सरकार की नीतियों और उपलब्धियों के बारे में बेहतर तरीके से जानकारी दे सकेंगे।
सायोनी घोष ने भी की बैठक की सराहना-एनसीपीआई सांसद सायोनी घोष ने भी बैठक को ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई चर्चा काफी सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) और आर्थिक विकास से जुड़े विषयों पर उपयोगी जानकारी साझा की गई।
एंटी पेपर लीक बिल का किया समर्थन-सायोनी घोष ने लोकसभा में पेश किए जाने वाले 'लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026' का समर्थन करते हुए कहा कि प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह कानून आवश्यक है और सभी दलों को इसका समर्थन करना चाहिए।
NDA के प्रति जताई प्रतिबद्धता-बैठक में शामिल एनसीपीआई सांसदों ने एनडीए के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई। पार्टी नेताओं ने कहा कि वे सरकार की विकास नीतियों को जनता तक पहुंचाने और संसद में एनडीए के एजेंडे को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।





