मुंबई, बॉलीवुड डेस्क। जाहिद खान धीरे-धीरे हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इन दिनों वह हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब का किरदार निभाया है। अपने हालिया इंटरव्यू में जायद ने बताया कि शुरुआत में वह इस किरदार को करने के लिए तैयार नहीं थे। उनकी मां भी नहीं चाहती थीं कि वो ये रोल निभाएं।
जाहिद खान ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, 'जब मुझे फिल्म में अजमल कसाब का किरदार निभाने का ऑफर मिला तो मेरा पहला रिएक्शन ना था। यह किरदार मेरे लिए सिर्फ एक्टिंग नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी थी। कसाब देश के सबसे नफरत किए जाने वाले लोगों में से एक है और मैं खुद भी उससे नफरत करता हूं। ऐसे में अपने करियर की शुरुआत में इतनी नेगेटिव छवि वाले व्यक्ति का किरदार निभाना मुझे काफी डराने वाला लगा।'
मेरी पहचान हमेशा एक नेगेटिव एक्टर के रूप में न बन जाए'
जाहिद खान ने कहा, 'मेरा एक्टिंग करियर अभी शुरू ही हुआ है और मैं लगातार यह सोच रहा था कि कहीं इस किरदार की वजह से मेरी पहचान हमेशा एक नेगेटिव एक्टर के रूप में न बन जाए। मुझे इस बात की भी चिंता थी कि दर्शक मुझको इस भूमिका से जोड़कर देखने लगेंगे। उस समय मेरे मन में कई तरह के सवाल और डर थे, क्योंकि मेरे लिए मेरी छवि काफी मायने रखती है।'





